Friday, August 28, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बेतिया में सड़क सुरक्षा अभियान, महिला पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को राखी...

बेतिया में सड़क सुरक्षा अभियान, महिला पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को राखी बांधकर दिलाया सुरक्षित यातायात का संकल्प

0
13

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बेतिया। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजनों और वाहन चालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पश्चिम चम्पारण पुलिस द्वारा स्टेशन चौक एवं बस स्टैंड, बेतिया के आसपास विशेष ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में पुलिस अधीक्षक, पश्चिम चम्पारण, बेतिया सहित पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) एवं यातायात थाना अध्यक्ष की उपस्थिति रही। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने आम नागरिकों, वाहन चालकों और बस चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।

पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, ओवरटेकिंग के दौरान सावधानी बरतने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने की अपील की। रक्षाबंधन के अवसर पर अभियान को विशेष संदेश से जोड़ा गया। महिला पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों की कलाई पर राखी बांधकर उनसे स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के अमूल्य जीवन की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार एवं सजग रहने की अपील की। राखी के माध्यम से वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात का संकल्प भी दिलाया गया।

महिला पुलिसकर्मियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपने और दूसरों के जीवन की रक्षा करने का संकल्प है। थोड़ी सी सावधानी और जिम्मेदारी सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। पश्चिम चम्पारण पुलिस ने आमजनों एवं वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाएं और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस का सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!