विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
28 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर 65वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बेतिया में रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास एवं सुरक्षा के बंधन को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर एकल अभियान NGO की ओर से आई बहनों ने 65वीं वाहिनी के अधिकारियों एवं कार्मिकों के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया।

बहनों द्वारा वाहिनी के कार्मिकों की कलाई पर विधिवत राखी बांधी गई तथा उनके सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई। इस दौरान वाहिनी के कार्मिकों ने भी बहनों के प्रति सम्मान एवं स्नेह व्यक्त करते हुए रक्षाबंधन के इस पवित्र पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कार्यवाहक कमांडेंट श्री मनोज कुमार, उप कमांडेंट श्री नीलकांत, उप कमांडेंट श्री पंकज शर्मा सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

रक्षाबंधन कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश भी दिया गया कि सशस्त्र सीमा बल राष्ट्र की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ समाज के साथ अपने आत्मीय एवं मानवीय संबंधों को मजबूत करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजन बल कार्मिकों में पारिवारिक भावना एवं मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ समाज और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास एवं सौहार्द को और प्रगाढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।






