जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से वर्तमान जलस्तर, नदी के दबाव और सीमावर्ती इलाकों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव के संबंध में विस्तृत जानकारी हासिल की
वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल बगहा से विजय कुमार शर्मा की रिपोर्ट
नेपाल में आई भीषण जल प्रलय के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को वाल्मीकिनगर पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर हवाई अड्डा परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला सीधे इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित गंडक बराज पहुंचा, जहां उन्होंने नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया और बराज के विभिन्न फाटकों की स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने गंडक नदी के जलस्तर और नेपाल से आने वाले संभावित अतिरिक्त जलप्रवाह की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से वर्तमान जलस्तर, नदी के दबाव और सीमावर्ती इलाकों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव के संबंध में विस्तृत जानकारी हासिल की। इस दौरान जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।

अधिकारियों से ली सीमावर्ती क्षेत्र की जानकारी
बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी, एसपी राजेश कुमार समेत जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नेपाल में आई आपदा के बाद उत्पन्न परिस्थितियों और प्रशासन की तैयारियों से अवगत कराया। अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों की स्थिति, गंडक नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि तथा राहत-बचाव को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि फिलहाल बाढ़ की संभावना फिलहाल टल गई है और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। हालांकि नेपाल में आई भीषण आपदा को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया।
नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा, राहत और हर संभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नेपाल में आई व्यापक प्राकृतिक आपदा को चिंता का विषय बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत सरकार भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नेपाल में राहत एवं मदद समेत पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री के गंडक बराज निरीक्षण से सीमावर्ती क्षेत्र में प्रशासनिक तैयारियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नदी के जलस्तर में किसी भी बदलाव की तत्काल निगरानी की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया जा सके।







