विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। अनुमंडल पदाधिकारी बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी ने सोमवार को रामनगर नगर परिषद क्षेत्र एवं आसपास के विभिन्न जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई स्थानों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। मामले में संबंधित कर्मियों एवं जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं से स्पष्टीकरण की कार्रवाई शुरू की गई है। रामनगर नगर परिषद क्षेत्र में स्थित जन वितरण प्रणाली की दो दुकानों की जांच की गई। इस दौरान जन वितरण प्रणाली विक्रेता अरुण कुमार गुप्ता की दुकान के स्टॉक की जांच में 72 क्विंटल गेहूं एवं 72 क्विंटल चावल पाया गया। वहीं, अनुज्ञप्ति संख्या 02/2022 के जन वितरण प्रणाली विक्रेता मोहम्मद फैयाज अंसारी की दुकान पर जांच के दौरान दुकान बंद मिली। दोनों जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।इसके बाद एसडीओ ने विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 199, चखनी चर्च टोला में सेविका सलोनी मनोज एवं सहायिका मंजू देवी उपस्थित मिलीं, लेकिन केंद्र पर बच्चों के लिए भोजन तैयार नहीं किया जा रहा था।

नारायणपुर वार्ड संख्या 5 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर सेविका रंजू देवी अनुपस्थित मिलीं, जबकि सहायिका उपस्थित थी। यहां भी भोजन नहीं बन रहा था। चखनी रजवटिया केंद्र संख्या 198 में सेविका शांति देवी एवं सहायिका बासमती देवी उपस्थित मिलीं, लेकिन केंद्र में भोजन नहीं बनाया जा रहा था। इसी क्रम में छोटकी पट्टी वार्ड संख्या 11 स्थित केंद्र पर सेविका अनीता सिंह एवं सहायिका रेणु देवी का केंद्र बंद पाया गया। वहीं छोटकी पट्टी वार्ड संख्या 13, केंद्र संख्या 306 में सेविका नीलू चौधरी उपस्थित नहीं थीं और सहायिका का पद रिक्त होने के कारण केंद्र बंद पाया गया। बड़गांव दक्षिण वार्ड संख्या 10, केंद्र संख्या 68 में सेविका मोती कुमारी उपस्थित मिलीं, जबकि सहायिका का पद रिक्त है। केंद्र खुला मिला, लेकिन यहां भी भोजन तैयार नहीं किया जा रहा था।

एसडीओ चांदनी कुमारी ने निरीक्षण के दौरान सामने आई इन सभी अनियमितताओं को गंभीरता से लिया है। संबंधित सेविकाओं से स्पष्टीकरण की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सीडीपीओ बगहा-1 एवं बगहा-2 को संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन की इस औचक जांच से जन वितरण प्रणाली दुकानदारों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में लापरवाही बरतने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी के द्वारा नगर परिषद बगहा के आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 298 नारायणपुर की जांच के क्रम में केंद्र में बने पोषाहार की गुणवत्ता की जांच हेतु स्वयं भोजन किया गया उसमें पाई गई कमियों के लिए सेविका को स्वयं चेतावनी दी गई तथा अन्य कमियों हेतु सेविका सहायिका को स्पष्टीकरण किया गया।






