आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। नगर पंचायत मुख्यालय स्थित बैंक से रुपये निकालने आया 19 वर्षीय युवक मंटु कुमार रविवार से लापता है। विशुनपुरा निवासी उसके पिता मुखलाल यादव ने लौरिया थाने में आवेदन देकर गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया है। पिता ने बताया कि मंटु रविवार को लौरिया बैंक से रुपये निकालने आया था। उसने बैंक से 6,050 रुपये निकाले। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने उसके मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। शाम करीब पांच बजे मोबाइल भी बंद हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, करीब पांच वर्ष पहले मंटु मानसिक रूप से अस्वस्थ हुआ था। इलाज के बाद वह ठीक हो गया था और हाल में पूरी तरह स्वस्थ था। वह कुछ दिन पहले ही गुजरात से कमाकर घर लौटा था। परिवार में वह इकलौता बेटा है और उसकी एक छोटी बहन है।

थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि युवक का फोटो व मोबाइल नंबर प्राप्त कर विभिन्न ग्रुपों में साझा किया गया है। मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर भेजकर उसकी तलाश की जा रही है।






