Monday, August 24, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास तीन दिन में छह मौतें, सड़क पर लगातार हो रहे हादसों से...

तीन दिन में छह मौतें, सड़क पर लगातार हो रहे हादसों से बढ़ी चिंता

0
24

आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार

लौरिया। तीन दिन पहले हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत का गम अभी इलाके में पूरी तरह थमा भी नहीं था कि रविवार देर शाम एक और हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। लौरिया-बगहा मुख्य मार्ग पर सिरकहिया चटकल चौक के समीप सड़क किनारे खड़ी महिला को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुनीता देवी (35) की इलाज के दौरान जीएमसीएच, बेतिया में मौत हो गई।सुनीता देवी सिरकहिया निवासी राजेश राम की पत्नी थीं। बताया गया कि रविवार शाम वह अपने घर के सामने सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान लौरिया की ओर से बगहा जा रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में सुनीता को लौरिया सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। सुनीता की मौत से उनके दो बेटे कुंदन (18), मंजय (14) और दो बेटियां अंगिरा (16) व निभा (12) के सिर से मां का साया उठ गया।

तीन दिन में छह मौतों ने बढ़ाई चिंता

लौरिया क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। तीन दिन पहले हुए हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद अब एक महिला की जान चली गई। यानी महज तीन दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल उठने लगे हैं। थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!