3 बेटियों की हो चुकी है शादी, तीन बच्चों की पढ़ाई जारी।।
अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण
मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के बैठनिया भानाचक पंचायत के वार्ड नंबर-13, भानाचक निवासी आशा कार्यकर्ता अंजू देवी की रविवार को हृदयगति रुकने से मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।बताया जाता है कि अंजू देवी, शिव कुमार राम की पत्नी थीं। उनके पति किसान हैं। अंजू देवी स्वास्थ्य विभाग से जुड़कर आशा कार्यकर्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं। रविवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और हृदयगति रुकने से उनका निधन हो गया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतका के परिवार में पांच पुत्रियां और एक पुत्र हैं। इनमें तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो पुत्रियां और एक पुत्र अभी पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अंजू देवी की अचानक मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। बच्चों और परिवार के भविष्य को लेकर भी परिजनों की चिंता बढ़ गई है। घटना की जानकारी मिलने पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनुपम प्रसाद ने अंजू देवी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की। मृतका के निधन से आशा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में भी शोक व्याप्त है।






