वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
महर्षि वाल्मीकि की तपोभूमि में अंतिम सावन सोमवारी को लेकर वाल्मीकिनगर पहुंचे श्रद्धालुओं के स्वागत में गोल चौक पर गोरखपुर से आए कलाकारों ने देर रात तक भक्तिमय गीत-संगीत की प्रस्तुति दी। वाद्य यंत्रों के साथ कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति ने पूरे माहौल को शिवमय बना दिया।भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, वहीं स्थानीय लोग भी कार्यक्रम का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में जुटे रहे।

गोरखपुर से जल भरने पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि भगवान शिव की भक्ति में रात कैसे बीत रही है, इसका पता ही नहीं चल रहा। उन्होंने कहा कि सूर्योदय के बाद संगम में आस्था की डुबकी लगाकर पवित्र जल भरेंगे और फिर अपने-अपने शिवालयों की ओर रवाना हो जाएंगे। श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच देर रात तक गोल चौक पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने थकान के बावजूद कांवरियों में नया जोश भर दिया।






