वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़, बगहा-2 के अंतर्गत अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वाल्मीकिनगर में शुक्रवार को आशा दिवस की बैठक आयोजित की गई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. केबीएन सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में एनीमिया मुक्त भारत अभियान, नियमित टीकाकरण, टीबी मुक्त भारत अभियान और गैर संचारी रोग (एनसीडी) समेत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।अधिकारियों ने आशा कार्यकर्ताओं से क्षेत्रवार गतिविधियों की जानकारी ली और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में पंचायतवार आशा कैलेंडर तैयार करने का निर्णय लिया गया।कैलेंडर के माध्यम से आशा कार्यकर्ताओं की गतिविधियों और स्वास्थ्य कार्यक्रमों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार संचालित किया जाएगा।

विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में इसके आधार पर आगे की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। अधिकारियों ने नियमित टीकाकरण को मजबूत करने, एनीमिया की पहचान व रोकथाम, टीबी के संभावित मरीजों की पहचान तथा एनसीडी स्क्रीनिंग को प्राथमिकता देने पर बल दिया। आशा कार्यकर्ताओं से अपने क्षेत्रों में लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंदों को स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने की अपील की गई। बैठक में प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार, प्रखंड लेखपाल संतोष कुमार वर्मा, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक चंद्रभान कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, संस्थानवार एएनएम, डीईओ जितेश्वर चौधरी, सभी डीईओ, आशा फैसिलिटेटर एवं आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। बैठक का उद्देश्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जमीनी निगरानी मजबूत करते हुए ग्रामीण आबादी तक बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना रहा।






