उत्तर प्रदेश कुशीनगर से अमित कुमार शर्मा कि रिपोर्ट
सेवरही। बनारस मंडल के डीआरएम के सेवरही रेलवे स्टेशन निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनिया त्रिभुवन जायसवाल के नेतृत्व में नगर की विभिन्न समस्याओं को लेकर उन्हें पत्रक सौंपा गया। इस दौरान नगर पंचायत के सभासदगण, व्यापारी नेता एवं नगर के अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। डीआरएम का अभिवादन करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष सोनिया त्रिभुवन जायसवाल ने सेवरही नगर की जल निकासी की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि रेलवे की भूमि से संबंधित आवश्यक एनओसी नहीं मिलने के कारण सड़क किनारे जल निकासी समेत कई जरूरी निर्माण कार्य बाधित हैं। इसके चलते नगरवासियों को जलभराव और आवागमन की समस्या का सामना करना पड़ता है। उन्होंने रेलवे स्टेशन के सामने स्थित गड्ढों एवं जलभराव वाले स्थानों पर निर्माण कार्य के लिए एनओसी उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि पानी के जमाव की समस्या दूर हो सके। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय एवं मूत्रालय के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

सभासद पप्पू जायसवाल ने स्टेशन परिसर में बने शौचालय की समस्या को उठाते हुए कहा कि शाम के समय शौचालय बंद कर दिया जाता है। उन्होंने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए शौचालय को रात्रि तक खुला रखने की मांग की। इस पर डीआरएम बनारस ने सभी समस्याओं को लिखित रूप में देने को कहा और आश्वासन दिया कि संबंधित मामलों का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सेवरही रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव एवं संचालन की मांग भी डीआरएम के समक्ष रखी। व्यापारियों ने कहा कि लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव होने से क्षेत्र के व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सोनिया त्रिभुवन जायसवाल, सभासद पप्पू जायसवाल, दीपक जायसवाल, संतोष वर्मा, फारुख अंसारी, सुधीर तिवारी, आशीष वर्मा, राम नरेश मिश्र, व्यापारी नेता अजय गुप्ता, इंजीनियर साहब, व्यापार मंडल अध्यक्ष शुकदेव रौनियार, छोटे लाल वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि सेवरही के विकास और नगरवासियों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर आगे भी लगातार आवाज उठाई जाती रहेगी।






