Monday, August 17, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास नागपंचमी पर मलकौली में सजा सुरों का महासंग्राम

नागपंचमी पर मलकौली में सजा सुरों का महासंग्राम

0
7

भजन-कीर्तन से रातभर गूंजता रहा माहौल

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा-2 नगर स्थित नागपंचमी के पावन अवसर पर मलकौली वार्ड संख्या-2 में श्री बजरंगबली पूजा समिति की ओर से आयोजित द्विपक्षीय (दो गोला) भजन-कीर्तन कार्यक्रम ने लोगों का मन मोह लिया। वर्षा के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण कार्यक्रम में देर रात तक डटे रहे। भजन-कीर्तन और सुरों के इस महासंग्राम का दौर सुबह करीब 5 बजे तक चलता रहा। कार्यक्रम में अपने-अपने क्षेत्र के दो चर्चित दिग्गज कलाकार राकेश मिश्र उर्फ चुन्नू मिश्र, नरकटियागंज और राकेश गिरि, छपरा की टीमों के बीच भजन-कीर्तन के माध्यम से सवाल-जवाब का सिलसिला चलता रहा। दोनों टीमों ने अपनी गायकी और प्रस्तुति से ऐसा समां बांधा कि श्रोता पूरी रात कार्यक्रम से जुड़े रहे। कभी तालियों की गड़गड़ाहट तो कभी भक्ति गीतों पर श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। वर्षा भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बड़ी संख्या में लोग सुरों की इस सुर-सरिता में गोते लगाते रहे और कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे। कार्यक्रम के दौरान दोनों टीमों के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला, जिससे लोगों में जिज्ञासा और खुशी की लहर बनी रही।

कार्यक्रम के समापन पर दोनों टीमों के कलाकारों को मोमेंटो के साथ उपहार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर राकेश मिश्र उर्फ चुन्नू मिश्र और राकेश गिरि सहित दोनों टीमों के सदस्यों के चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर श्री बजरंगबली पूजा समिति के अध्यक्ष निप्पू कुमार पाठक ने कार्यक्रम की सफलता पर समिति के सभी कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और मेहनत से इतना शानदार धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। उन्होंने भगवान श्री बजरंगबली से सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। नागपंचमी के अवसर पर आयोजित इस दो गोला कार्यक्रम ने मलकौली में भक्ति, संगीत और आपसी सौहार्द का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!