वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
महावीरी झंडा पर्व व गणेश पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर वाल्मीकिनगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के अलावा जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस दौरान पर्व के दौरान निकलने वाले जुलूस, पूजा स्थलों और संभावित संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र में स्थित महावीरी झंडा पूजा स्थलों की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी। पुलिस अधिकारियों ने चिन्हित स्थलों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया। महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती करने का निर्णय लिया गया, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। हथियारों के प्रदर्शन पर होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने स्पष्ट किया कि महावीरी झंडा पर्व के दौरान डीजे का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि जुलूस या पूजा के दौरान किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजन समितियों और श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।

थानाध्यक्ष ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की नजर पूरे पर्व के दौरान गतिविधियों पर रहेगी।
अफवाह और भड़काऊ संदेशों से बचने की अपील
बैठक में सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली अफवाहों और भड़काऊ संदेशों को लेकर भी पुलिस ने लोगों को सतर्क किया। थानाध्यक्ष ने कहा कि बिना सत्यापन किसी भी सूचना को सोशल मीडिया पर साझा या प्रसारित नहीं करें। आपत्तिजनक पोस्ट, भड़काऊ संदेश और अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है।
संदिग्ध गतिविधि की दें सूचना
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अफवाह की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। वहीं, बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने पर्व के दौरान प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि सामूहिक सहयोग और आपसी भाईचारे से ही महावीरी झंडा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है।






