विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया, पश्चिम चम्पारण, 07 अगस्त 2026:
पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम (भा०पु०से०) की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस सभागार, पुलिस केंद्र बेतिया में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01, सदर-02 एवं नरकटियागंज सहित सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, पर्यवेक्षी पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांडों के पर्यवेक्षण में पहले की अपेक्षा अधिक गति लाई जाए, ताकि मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित हो सके।

सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में गश्ती दल की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से रात्रि गश्ती को और सुदृढ़ करने तथा चौकसी बढ़ाने पर बल दिया गया। इसके साथ ही अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित वाहन जांच अभियान चलाने का भी आदेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने जिले में बढ़ते वाहन चोरी के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए इनके शीघ्र उद्भेदन का निर्देश दिया। साथ ही शराब तस्करों एवं लंबित कांडों के अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान तेज करने को कहा, ताकि मामलों का समयबद्ध निष्पादन हो सके।बैठक में सूचना का अधिकार, चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन, सर्विलांस प्रोसीडिंग तथा प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन पर भी विशेष निर्देश दिए गए। जनशिकायतों के निपटारे में पारदर्शिता एवं गति बनाए रखने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा, जिन अपराधियों के खिलाफ वारंट निर्गत हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए गए। लंबित सम्मन, ई-समन, वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की से संबंधित मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने की सलाह दी, ताकि पुलिस-जन संबंध मजबूत हो और अपराध नियंत्रण में प्रभावी सहयोग मिल सके।






