वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम रामनगर, खर पोखरा और भैरोगंज क्षेत्र से करीब 75 बाइक सवार शिवभक्तों का जत्था “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष के साथ वाल्मीकि नगर पहुंचा। वाल्मीकि नगर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं की टोली भारत-नेपाल सीमा पार स्थित पवित्र त्रिवेणी धाम पहुंची, जहां पूरी रात भजन-कीर्तन, शिव आराधना और महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शिवभक्तों ने रात्रि जागरण कर भगवान भोलेनाथ की आराधना की और शुक्रवार सुबह ब्रह्ममुहूर्त में नारायणी नदी के पावन तट पर पहुंचकर विधि-विधान से स्नान किया। सदानीरा नारायणी में आस्था की डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र जल कलशों में भरा। इसके पश्चात सभी शिवभक्त वाल्मीकि नगर स्थित प्राचीन महाकालेश्वर मंदिर एवं प्रसिद्ध जटाशंकर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद शिवभक्तों का जत्था “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के बीच रामनगर स्थित नर्मदेश्वर नीलकंठ महादेव मंदिर के लिए रवाना हुआ, जहां नारायणी के पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। सावन के पावन महीने में गुरुवार और रविवार को नारायणी तट पर श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ रही है। बिहार, उत्तर प्रदेश और नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांवरिये और शिवभक्त यहां पहुंचकर नारायणी का जल भर रहे हैं। पूरा क्षेत्र इन दिनों भगवा वस्त्रधारी श्रद्धालुओं, शिव भजनों और “हर-हर महादेव” के उद्घोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।






