28 वारंट निष्पादित, वाहन जांच में वसूले गए 20.50 हजार रुपये
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देश पर पुलिस जिला बगहा में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को कई मामलों में महत्वपूर्ण सफलता मिली है .अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई, दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया तथा फरार आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई . इसके अलावा वारंटों का निष्पादन और वाहन जांच अभियान भी चलाया गया .एसपी राजेश कुमार ने बताया कि नदी थाना पुलिस ने मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, के तहत अज्ञात तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए 79.20 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है .
वहीं सेमरा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए राजेश प्रसारी को गिरफ्तार किया है . गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय भेजा जा रहा है .
इसी प्रकार लौकरिया थाना पुलिस ने बीएनएस एवं मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, के तहत कार्रवाई करते हुए कृष्णा कुमार को गिरफ्तार किया है। उसे भी न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है .
धनहां थाना पुलिस ने मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, के तहत फरार मोटरसाइकिल चालक एवं स्वामी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है . इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 188.80 लीटर अंग्रेजी शराब तथा शराब तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है .एसपी ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान जिले में कुल 268 लीटर अंग्रेजी शराब (79.20 लीटर एवं 188.80 लीटर) बरामद की गई .
इसके अलावा पुलिस ने विभिन्न मामलों में 28 वारंटों का निष्पादन किया . वहीं जिलेभर में चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान 287 वाहनों की जांच की गई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 20 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला गया .एसपी राजेश कुमार ने कहा कि अपराध नियंत्रण, शराब तस्करी पर रोक तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से सघन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है .






