विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
नरकटियागंज अनुमंडल क्षेत्र के मलदहिया पंचायत में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी विभाग की टीम ने पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को 15 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से स्थानीय प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, पंचायत सचिव शंकर प्रसाद पर किसी कार्य के निष्पादन के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की जांच की और योजना बनाकर जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने 15 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत अपने साथ ले जाया गया। निगरानी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोगों ने निगरानी विभाग की इस पहल की सराहना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक सही तरीके से पहुंच सकेगा।






