बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकिनगर। वीटीआर वन प्रमंडल-2 के अधिकारियों द्वारा बाघ के हमले में जान गंवाने वाले आकलू यादव के परिजनों को सरकार की ओर से निर्धारित मुआवजा राशि प्रदान की गई। सोमवार को वाल्मीकिनगर वन प्रमंडल-2 के रेंजर सत्यम कुमार मृतक के घर पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान रेंजर सत्यम कुमार ने मृतक की पत्नी को परिवार के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में 9 लाख 80 हजार रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद अंतिम संस्कार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए मृतक के पुत्र को 20 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई थी।

इस प्रकार मृतक के परिजनों को कुल 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। रेंजर ने कहा कि वन विभाग इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और भविष्य में भी किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जंगल से सटे क्षेत्रों में रहने वाले लोग विशेष सतर्कता बरतें और वन्यजीवों की किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।






