गोपालगंज के मांझागढ़ से सुधीश श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपलगंज जिले में अपराध पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी कड़ी में मांझागढ़ थाना पुलिस ने गश्ती के दौरान एक युवक को अवैध देशी हथियार के साथ गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मांझागढ़ थाना के दरोगा महेश पाठक अपने दल-बल के साथ शनिवार की रात थाना क्षेत्र के सिपाह खास गांव के समीप गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि सुरवनिया गांव निवासी जमालुद्दीन का पुत्र आशिफ अली प्रतापपुर चारमुहानी के पास एक पेड़ के नीचे अवैध देशी कट्टा लेकर बैठा हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस वाहन को देखते ही युवक घबराकर झोला फेंककर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे धर दबोचा। तलाशी के दौरान झाड़ी में फेंके गए झोले से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। साथ ही युवक के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ के बाद युवक की पहचान आशिफ अली के रूप में की गई। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस कार्रवाई की पुष्टि मांझागढ़ थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने की है। पुलिस की इस मुस्तैदी से स्पष्ट है कि अपराधियों के लिए अब कानून से बचना आसान नहीं है।






