विजय कुमार शर्मा / नन्दलाल पटेल वाल्मिकीनगर पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा/ वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) क्षेत्र से एक बार फिर बाघ के हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यह घटना हाथीमल खांता जंगल क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां एक 65 वर्षीय वृद्ध पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये हैं और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंगल के समीप किसी कार्य से गए हुई थे, तभी घात लगाए बैठे बाघ ने उन पर हमला कर दिया। बाघ के हमले से वृद्ध के हाथ और पैर बुरी तरह जख्मी हो गए घटना के समय महिला के चिल्लाने और शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों एवं वनकर्मियों को इसकी जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बाघ को वहां से भगाया गया और घायल को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें वाल्मीकिनगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।चिकित्सकों के अनुसार शरीर के कई हिस्सों में गहरे जख्म हैं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में उनका इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। वहीं वन विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्र में सतर्कता बरतने और अकेले न जाने की अपील की है। बताते चलें कि हाल के दिनों में VTR क्षेत्र में बाघों की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे मानव- वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। प्रशासन और वन विभाग के लिए यह एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है।






