वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
विश्व बाघ दिवस के अवसर पर राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भीड़िहारी में निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में बाघ एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों, स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति में विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बाघों के संरक्षण, जंगलों के महत्व तथा जैव विविधता को बचाने में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।

रेंजर सत्यम कुमार ने बताया की प्रथम स्थान: निशी कुमारी, कक्षा 10, रोल नंबर-06, द्वितीय स्थान: अप्सा नाज, कक्षा 10, रोल नंबर-11, तृतीय स्थान: महिमा यादव, कक्षा 9, रोल नंबर-04,इसके अलावा चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करती हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने बाघों एवं वन्यजीवों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी कराने की जानकारी दी है।






