6–7 दिनों के भीतर मगरमच्छ का दूसरा हमला, नौरंगिया क्षेत्र में दहशत
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पश्चिम चंपारण जिले के नौरंगिया थाना क्षेत्र में मगरमच्छ का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। महज 6–7 दिनों के भीतर यह दूसरा हमला सामने आया है, जिससे इलाके में भय और दहशत का माहौल गहरा गया है। ताजा घटना भापसा नाला पार करने में एक महिला पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह महिला को मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाया गया और तत्काल इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है

।लगातार हो रही इन घटनाओं से नदी किनारे बसे गांवों के लोग बेहद डरे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रोजमर्रा के काम जैसे पानी भरना, मवेशियों को ले जाना और खेतों में जाना अब जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों में फैला डर खत्म हो सके। वन विभाग की ओर से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए मगरमच्छ को पकड़ने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।






