वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
पंचायत भवन में रविवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश के आलोक में आयोजित इस ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक में पंचायत क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें सबसे प्रमुख मुद्दा जल-नल योजना की बदहाल स्थिति रहा।
ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने मुखिया के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपते हुए पंचायत के कई वार्डों में जल-नल योजना के सुचारु रूप से संचालित नहीं होने की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर नियमित रूप से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने खराब पड़े पाइप, मोटर और अन्य तकनीकी खामियों को जल्द दूर कराने की मांग की। बैठक में पंचायत विकास से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों ने सड़क, साफ-सफाई, जल निकासी, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और अन्य जनसमस्याओं को उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
मुखिया ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि ग्राम सभा में उठाए गए सभी मुद्दों और मांगों से संबंधित ज्ञापन सक्षम अधिकारियों को भेज दिया गया है तथा समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
ग्राम सभा में यह भी जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत स्तर पर ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा, ताकि ग्रामीण सीधे अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रख सकें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।






