वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र में आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले ध्वजारोहण एवं सांस्कृतिक समारोह की तैयारियों को लेकर नदी घाटी योजना उच्चतर विद्यालय में छह दिवसीय विशेष एनसीसी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का समापन शनिवार को हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले ध्वजारोहण समारोह को अनुशासित एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से 20 जुलाई से 25 जुलाई तक विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को परेड, सलामी, मार्चपास्ट, अनुशासन तथा समारोह के विभिन्न पहलुओं का अभ्यास कराया गया।

प्रशिक्षण शिविर में 25 बिहार बटालियन एनसीसी, मोतिहारी के पीआई स्टाफ हवलदार कृष्णा रोका ने कैडेटों को प्रशिक्षण प्रदान किया। शिविर में कुल 90 कैडेटों ने भाग लिया, जिनमें 56 छात्राएं एवं 34 छात्र शामिल रहे। प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी कैडेट 15 अगस्त को विद्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में अनुशासित परेड एवं ध्वजारोहण कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का प्रशिक्षण विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने में सहायक होता है।






