100 दिनों में विकास और जनसेवा की नई रफ्तार।
पश्चिम चम्पारण में 18 मॉडल स्कूल और 8 डिग्री कॉलेज का हुआ शुभारंभ।
सहयोग पोर्टल पर प्राप्त 34 हजार आवेदनों में करीब 31 हजार का निष्पादन।
पंचायत स्तर पर जीवन प्रमाणीकरण से पेंशनधारियों को मिली राहत।
जनसमस्याओं का त्वरित समाधान एवं विकास कार्यों में तेजी जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : जिला पदाधिकारी।
179 लाभुकों के बीच बासगीत पर्चा का वितरण।
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बिहार सरकार के ‘सेवा, संकल्प और समर्पण’ के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी द्वारा पटना में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में ₹11,464 करोड़ की लागत से कुल 2,476 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया। उक्त कार्यक्रम का पश्चिम चम्पारण जिले में समाहरणालय सभागार से लेकर पंचायत स्तर तक सीधा प्रसारण किया गया। जिले के विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में आमजनों एवं जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण श्री तरनजोत सिंह, अपर समाहर्ता श्री राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री अमरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी श्रीमती रोचना माद्री, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा श्री सुजीत कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती नगमा तबस्सुम, श्री विकास कुमार, श्री अहमद अली अंसारी सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने कहा कि बिहार सरकार के ‘सेवा, संकल्प और समर्पण’ के 100 दिनों में पश्चिम चम्पारण जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं। जिले के सभी 18 प्रखंडों में मॉडल स्कूल की शुरुआत की गई है, जबकि 8 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज का शुभारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से जिले में मॉडल स्कूल की शुरुआत की गई है और शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि विगत तीन महीनों में सहयोग शिविर और सहयोग पोर्टल के माध्यम से आमजनों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया गया है। पश्चिम चम्पारण जिले में सहयोग पोर्टल के माध्यम से राज्य के सभी 38 जिलों में सर्वाधिक संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिले में प्राप्त लगभग 34 हजार आवेदनों में से करीब 31 हजार आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का संकल्प है कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो तथा लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार प्रखंड, अनुमंडल या जिला कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से भी आमजनों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। पंचायत विकास दिवस एवं टीबी मुक्त भारत अभियान सहित विभिन्न अभियानों के माध्यम से लोगों को लाभान्वित किया गया है।उन्होंने पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण की सुविधा का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व में पेंशन लाभुकों को जीवन प्रमाणीकरण के लिए कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) जाना पड़ता था। अब जिला पंचायती राज कार्यालय के माध्यम से जिले की सभी पंचायतों में बायोमेट्रिक डिवाइस उपलब्ध कराई गई है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और बड़ी संख्या में पेंशनधारी अब पंचायत स्तर पर ही जीवन प्रमाणीकरण कराना पसंद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 90 प्रतिशत पेंशनधारियों द्वारा जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। पंचायत स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होने से पेंशनधारियों को काफी सहूलियत मिली है।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विकास की गति को तेज करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के सहयोग से वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट के विकास की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण से संबंधित प्रस्ताव आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभाग को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आगे भी इसी प्रतिबद्धता और ऊर्जा के साथ कार्य करता रहेगा, ताकि आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के साथ-साथ बिहार सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिले में सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति दी जा सके।

कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन, पश्चिम चम्पारण द्वारा विगत 100 दिनों में जिले में किए गए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों पर तैयार की गई लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। उक्त फिल्म का निर्माण जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा किया गया था। इसके अतिरिक्त, जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा जिलेभर में होर्डिंग, बैनर एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए बिहार सरकार के 100 दिनों की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया गया। कार्यक्रम को आकर्षक बनाने में जीविका दीदियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके द्वारा समाहरणालय परिसर में आकर्षक रंगोली का निर्माण किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मेरी एडलिन द्वारा किया गया।

इसी क्रम में जिले में कुल 179 लोगों के बीच बासगीत का पर्चा वितरण किया गया। समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह द्वारा 10 लाभुकों के बीच बासगीत पर्चा का वितरण किया गया। बासगीत पर्चा प्राप्त करने वाले लाभुकों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। लाभुकों ने इसके लिए जिला प्रशासन एवं सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।






