विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पश्चिम चम्पारण जिले के रामनगर नगर क्षेत्र स्थित गणेश खाद-बीज भंडार के समीप मां शक्ति इंटरनेशनल टेस्ट एंड ट्रेनिंग सेंटर का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं युवा कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री मधुकर राय, विशिष्ट अतिथि नगर सभापति प्रतिनिधि नागेंद्र साह एवं उपसभापति प्रतिनिधि श्री सुजल सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों को अंगवस्त्र एवं फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि श्री मधुकर राय ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के टेस्ट एवं ट्रेनिंग सेंटर के खुलने से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि विदेश में रोजगार की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह संस्थान एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म साबित होगा, जहां उन्हें प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। विशिष्ट अतिथि नागेंद्र साह ने कहा कि रामनगर जैसे क्षेत्र में इस तरह का संस्थान खुलना युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सराहनीय कदम है। इससे स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा और उन्हें अपने ही क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

उपसभापति प्रतिनिधि श्री सुजल सिंह ने कौशल विकास पर जोर देते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में स्किल ही सबसे बड़ी ताकत है। प्रशिक्षित और कुशल युवा ही देश और समाज के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। संस्थान के डायरेक्टर चंद्रभान कुमार पटेल ने बताया कि केंद्र में विभिन्न ट्रेडों में आधुनिक तकनीक के साथ प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां स्किल टेस्ट, भाषा प्रशिक्षण, इंटरव्यू की तैयारी, डॉक्यूमेंटेशन, मेडिकल प्रक्रिया तथा विदेश रोजगार से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं में सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद योग्य अभ्यर्थियों को गल्फ देशों एवं यूरोप के विभिन्न देशों में रोजगार दिलाने का प्रयास किया जाएगा। युवा समाजसेवी श्रीकांत गुप्ता ने कहा कि यह संस्थान क्षेत्र के युवाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने भविष्य को संवारने की अपील की। कार्यक्रम में जदयू नेता भाई मोहम्मद औरंगजेब, मोहम्मद इसराफील, प्रदीप पटेल, इमरान अहमद, सहबाज खान, अफताब आलम, खटौरी पैक्स अध्यक्ष रामायण साह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया और सौहार्दपूर्ण वातावरण में समारोह का समापन हुआ।






