रमेश ठाकुर
पश्चिमी चंपारण (बिहार)
दिनांक:- 21/07/2026
भागलपुर, प्रतिनिधि। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने भागलपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए नया बिजली कनेक्शन चालू कराने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में बिजली विभाग के एक कनिष्ठ अभियंता (JE) और एक तकनीशियन को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों को तिलकामांझी चौक स्थित कचहरी बिजली उपकेंद्र से चार हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कनिष्ठ अभियंता अमित कुमार और तकनीशियन सौरभ कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बरारी थाना क्षेत्र के खंजरपुर निवासी संतोष कुमार ने नया बिजली कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया था। सभी आवश्यक सरकारी प्रक्रियाएं पूरी होने के बावजूद उनका कनेक्शन चालू नहीं किया जा रहा था। आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने कनेक्शन चालू करने के एवज में चार हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाया और दोनों कर्मचारियों को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई। निगरानी विभाग ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है।






