विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत गंडक नदी के किनारे स्थित मधुबनी प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित +2 माध्यमिक विद्यालय, पकड़ीहवा खोतहवा में नवनिर्मित पुस्तकालय कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख सह भाजपा जिला मंत्री विजया सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ फीता काटकर पुस्तकालय का उद्घाटन किया। जिस समारोह में विद्यालय के प्रधानाध्यापक नगेंद्र मिश्र सहित रामायण साह, शंभू शरण वर्मा, संजय त्रिपाठी, प्रीति कुमारी एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की भी सहभागिता रही, जिससे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पुस्तकालय किसी भी शैक्षणिक संस्थान की आत्मा होता है और यह बच्चों के बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

नवनिर्मित पुस्तकालय से छात्रों को अध्ययन सामग्री आसानी से उपलब्ध होगी, जिससे उनकी ज्ञानवृद्धि और शैक्षणिक स्तर में सुधार होगा। विद्यालय परिवार ने आशा जताई कि यह पुस्तकालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में एक मील का पत्थर साबित होगा।






