विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। (रविवार) को बाबा विश्वंभर नाथ धाम कमिटी द्वारा श्री ठाकुर जी के मंदिर परिसर में कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी सावन माह को लेकर व्यापक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर ठोस निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु समुचित लाइट व्यवस्था एवं जनरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कांवड़ियों के बैठने के लिए बेहतर व्यवस्था करने, मंदिर परिसर की साफ-सफाई को दुरुस्त रखने तथा चाय, पानी, शरबत और प्राथमिक दवाओं की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही सावन माह के दौरान दोनों मंदिरों में प्रतिदिन सुबह 5 से 6 बजे तथा शाम को गोधूलि बेला में ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से भक्ति-भजन प्रसारित करने की भी योजना बनाई गई, ताकि वातावरण भक्तिमय बना रहे।

कमिटी ने यह भी निर्णय लिया कि सावन के प्रत्येक रविवार को रात 7 बजे से कांवड़िया दल की सेवा के लिए मंदिर की ओर से एक विशेष टीम वाहन के साथ भेजी जाएगी, जो रास्ते में श्रद्धालुओं को दवा, पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा मंदिर के मुख्य द्वार से श्री शंकर जी मंदिर तक पेवर ब्लॉक लगाने के लिए नगर प्रशासन से सहयोग लेने का प्रस्ताव पारित किया गया, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में सुविधा हो सके। बैठक की अध्यक्षता कमिटी के अध्यक्ष रूपेश कुमार तिवारी ने की। इस अवसर पर कमिटी के सदस्य मनोज सिंह, ध्रुव कुमार सोनी, रणधीर प्रताप सिंह, रवि किरण कुमार, विवेक कुमार गुप्ता, उमेश मोदनवाल, नागेंद्र साहनी, किशन सोनी, ओमप्रकाश जायसवाल, दिलीप कुमार, सुरेश गुप्ता, मनीष मोदनवाल, सत्तू यादव, अमरदीप तिवारी, कृष्ण मोदनवाल, अविनाश चौधरी, मनोज चौधरी, नवल यादव, संतोष सिंह, प्रभु ठाकुर, राजेश प्रसाद सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर सावन माह को श्रद्धालुओं के लिए सुगम, सुरक्षित और भक्तिमय बनाने का संकल्प लिया।






