विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया/मुफस्सिल थाना क्षेत्र: लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगढ़ वार्ड नंबर-4 में मंगलवार की सुबह पुराने इंदिरा आवास योजना से बने मकान का छत अचानक गिर गया। इस हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान भरत पासवान (45 वर्ष), उनकी पत्नी प्रभावती देवी (44 वर्ष) और पुत्री रोशनी कुमारी (14 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मकान काफी पुराना था और लगातार बारिश के कारण कमजोर हो चुका था, जिससे छत भरभराकर गिर गई।

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां तीनों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पंचायत समिति सदस्य मुस्तफा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार का हालचाल जाना। उन्होंने सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के काफी समय बाद तक अंचल प्रशासन का कोई भी पदाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।






