गंडक बराज से दो लाख छ सौ क्यूसेक पानी छोड़ा गया, तटवर्ती निचले इलाकों में जल जमाव और बाढ़ जैसी स्थिति

0
IMG-20260714-WA0040.jpg

वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट

नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के करण नारायणी (गंडक) नदी के जल स्तर में तेजी से वृद्धि दर्ज की जा रही है। बढ़ते जल प्रवाह को देखते हुए वाल्मीकि नगर गंडक बैराज का कंट्रोल रूम हाई अलर्ट मोड पर है ।बैराज के सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की पल-पल निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। मंगलवार को दो बजे तक वाल्मीकि नगर गंडक बराज से करीब दो लाख छ सौ क्यूसेक पानी गंडक नदी में छोड़ा गया। जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए बराज प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर सभी फाटकों को आंशिक रूप से खोल दिया है और नियंत्रण कक्ष से जुड़े सभी कर्मियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। गंडक बराज नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों के अनुसार नेपाल के पहाड़ी इलाकों में लगातार वर्षा होने से नदी में पानी का बहाव तेजी से बढ़ रहा है। इसी कारण अतिरिक्त जल को नियंत्रित ढंग से छोड़ा जा रहा है ताकि बराज पर किसी प्रकार का दबाव न बने। अधिकारियों का कहना है कि यदि नेपाल में बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले घंटों में जलस्तर और बढ़ सकता है।

बराज से छोड़े गए पानी के कारण गंडक नदी के तटवर्ती निचले इलाकों में जलजमाव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका बढ़ गई है। विशेष रूप से चकदहवा, झंडू टोला, रोहुआ टोला और ठाढ़ी सहित आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और गोपालगंज जिले के निचले क्षेत्रों में भी पानी का प्रभाव पड़ने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से अनावश्यक रूप से नदी के करीब नहीं जाने की अपील की है। जल संसाधन विभाग लगातार नदी के जलस्तर की निगरानी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!