बलथर थाना क्षेत्र की घटना, दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक की लहर
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण
बेतिया (पश्चिम चंपारण), जिले के बलथर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में गेहूं व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सैनिक रोड पर सोनराटोला के समीप की है, जहां तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान सिकटा थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव वार्ड संख्या तीन निवासी शेख नसीर के पुत्र नौसाद अली उर्फ महतो (52) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नौसाद अली साइकिल पर गेहूं लेकर पुरुषोत्तमपुर से सिकटा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रक्सौल से मैनाटांड़ की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल पर लदा गेहूं सड़क पर बिखर गया और कार अनियंत्रित होकर लगभग 15 फीट नीचे जाकर पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। घटना में घायल कार सवारों की पहचान रामनगर निवासी विक्की कुमार (24) एवं इनरवा निवासी विशेष्वर कुमार (25) के रूप में हुई है। दोनों घायलों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बलथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर व्याप्त है।






