विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पश्चिमी चंपारण, 11 जुलाई 2026: शनिवार को पश्चिमी चंपारण स्थित वृद्धाश्रम “सहारा” में साप्ताहिक मेडिकल कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रातः 09:00 बजे से 11:00 बजे तक चले इस शिविर में आश्रम के बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।इस चिकित्सा शिविर का आयोजन आरोही कला संस्कृति वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा किया गया। कैंप में प्रसिद्ध आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. कृतांत शुक्ला ने अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने आयुर्वेदिक पद्धति के आधार पर बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए उन्हें मौसमी बीमारियों से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उपाय बताए। इस अवसर पर ट्रस्ट के सचिव प्रभात कुमार झा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के उन बुजुर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जिन्हें इस उम्र में सबसे अधिक देखभाल की आवश्यकता होती है। उन्होंने बताया कि यह साप्ताहिक कैंप सामाजिक सरोकारों के तहत निरंतर जारी रखा जाएगा।

वहीं, चिकित्सक डॉ. कृतांत शुक्ला ने कहा कि वृद्धावस्था में वात, पित्त और कफ के असंतुलन से कई प्रकार की बीमारियां उत्पन्न होती हैं। आयुर्वेद केवल उपचार ही नहीं, बल्कि संतुलित जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। उन्होंने बुजुर्गों को सात्विक दिनचर्या अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच की सलाह दी। वृद्धाश्रम “सहारा” के अधीक्षक आदित्य मधुकर ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस तरह के मेडिकल कैंप बुजुर्गों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। समय-समय पर स्वास्थ्य जांच से गंभीर बीमारियों की आशंका कम हो जाती है। उन्होंने ट्रस्ट एवं चिकित्सा टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर के समापन पर आश्रम में रह रहे बुजुर्गों ने इस पहल की सराहना करते हुए चिकित्सा टीम को आशीर्वाद दिया।






