विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बगहा-दो में शनिवार को अग्निशमन विभाग द्वारा अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था एवं उपकरणों का सत्यापन किया गया। बगहा अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी ऋचा प्रभा अपनी टीम के साथ पीएचसी बगहा दो पहुंचीं और परिसर में स्थापित अग्निशमन उपकरणों एवं सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. के.बी.एन सिंह तथा स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार से पीएचसी भवन एवं अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परिसर में लगाए गए अग्निशमन उपकरणों की कार्यक्षमता और उपलब्धता का भी सत्यापन किया।स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों और गार्डो को अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, आग लगने की स्थिति में बचाव के उपाय तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए साथ ही अग्नि सुरक्षा के प्रति सभी को जागरूक किया गया।

बगहा अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी ऋचा प्रभा ने बतायी कि विगत 14 अप्रैल 2026 को ही शहरी पीएचसी बगहा-दो का अग्निशमन सुरक्षा के दृष्टिकोण से निरीक्षण किया गया था। शनिवार को किए गए सत्यापन के दौरान पाया गया कि पीएचसी भवन में उपलब्ध अग्निशमन व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि आग जैसी आपात स्थिति में अग्निशमन उपकरणों का सही और समय पर उपयोग करना बेहद आवश्यक है, इसलिए कर्मचारियों को इसका व्यावहारिक प्रशिक्षण और आवश्यक जानकारी भी दी गई। मौके पर अग्निशमन विभाग के कर्मी अवस्थी कुमार, मो. अफजल, मनीष कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






