वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण नारायणी (गंडक) नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसका असर वाल्मीकिनगर गंडक बराज पर भी देखने को मिल रहा है। गुरुवार दोपहर 2 बजे तक बराज से पानी का डिस्चार्ज 1,07,300 क्यूसेक पहुंच गया, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। जल संसाधन विभाग ने कंट्रोल रूम को हाई अलर्ट पर रखते हुए नदी के जलस्तर की पल-पल निगरानी शुरू कर दी है।
गंडक बराज के कार्यपालक अभियंता इकबाल अहमद ने बताया कि गंडक नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। कंट्रोल रूम का संचालन तीन शिफ्टों में अलग-अलग टीमों द्वारा किया जा रहा है, ताकि जलस्तर में होने वाले हर बदलाव की तत्काल जानकारी मिल सके और आवश्यकता पड़ने पर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

उन्होंने आगे बताया कि नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार रुक-रुक कर बारिश होने के कारण आने वाले दिनों में डिस्चार्ज में और बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। विभाग ने बराज और तटबंधों की निगरानी भी तेज कर दी है। बतादें,जल संसाधन विभाग ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।






