बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकिनगर (प. चंपारण): वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जटाशंकर वन परिसर में वन विभाग के अधिकारियों के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। इस संबंध में वन परिसर पदाधिकारी (फॉरेस्टर) आशीष कुमार ने वाल्मीकिनगर थाने में आवेदन देकर आठ नामजद सहित 25 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 2 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे की है, जब सभी आरोपी अवैध रूप से वन विभाग परिसर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने वनकर्मियों के साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और सरकारी कार्य में बाधा डाली। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। फॉरेस्टर आशीष कुमार के अनुसार, सभी आरोपी लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे थे और वनकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर स्थिति और बिगड़ गई। सूचना मिलने पर अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने दोबारा आने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

आवेदन में जिन लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, उनमें शामिल हैं— राजू राम (पिता: रामबृक्ष राम, ग्राम: हसुआ, थाना: रामनगर), राम कुमार (पिता: सुनील उपाध्याय, ग्राम: बघम्बरपुर, पोस्ट: सिंघाघाट, थाना: आदापुर, जिला: मोतिहारी), कुंदन कुमार (पिता: योगेंद्र राय, ग्राम: रामगढ़, थाना: सिकटा, जिला: बेतिया), पिंटू कुमार राय (पिता: नंदू राय, ग्राम: कोइरगांव, पोस्ट: डोली, थाना: चौरही, जिला: नवादा), ओमप्रकाश कुमार सिंह (पिता: रामजी सिंह, ग्राम: डोली, पोस्ट: रजवाड़ी, जिला: जहानाबाद), प्रदीप कुमार (पिता: विनोद राय, ग्राम: खेतरी, थाना: मुफस्सिल) सहित अन्य शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।






