Thursday, July 2, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास गंडक के बढ़ते जलस्तर से तटबंध पर कटाव का खतरा, विधायक ने...

गंडक के बढ़ते जलस्तर से तटबंध पर कटाव का खतरा, विधायक ने किया निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा

0
1

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बरसात का मौसम शुरू होते ही गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है, जिससे पिपरासी से ठकराहा तक स्थित तटबंध पर कटाव का खतरा मंडराने लगा है। संभावित आपदा को देखते हुए बाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने पीपी तटबंध का स्थल निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तटबंध की मजबूती, संवेदनशील स्थलों की स्थिति तथा विभागीय तैयारियों की गहन समीक्षा की।निरीक्षण के क्रम में विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तटबंध के कमजोर हिस्सों की पहचान कर तत्काल सुदृढ़ीकरण कार्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि से कटाव की समस्या गंभीर रूप ले सकती है, इसलिए लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

मौके पर मौजूद जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता, एसडीओ एवं अन्य कर्मियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि विभाग पूरी तरह सतर्क है और हर आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील बिंदुओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यक सामग्री जैसे बालू बोरी, बांस-बल्ली आदि पर्याप्त मात्रा में भंडारित कर ली गई है। विधायक कुशवाहा ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि सरकार एवं प्रशासन उनकी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की आशंका होने पर तुरंत प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण भी मौजूद रहे। विधायक के इस दौरे से क्षेत्र के लोगों में भरोसा जगा है कि संभावित बाढ़ और कटाव से निपटने के लिए प्रशासन सजग और तैयार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!