विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा चौतरवा मुख्य मार्ग एनएच-727 स्थित छोटकी पट्टी, बड़गांव (बगहा-1) में रविवार को हाईटेक मां दुर्गा विवाह भवन का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि अशर्फी यादव, दयाशंकर सिंह, मनोज शंकर सिंह, बिमलेंदु उर्फ मुन्ना सिंह, रंजन यादव ने फीता काटकर विवाह भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय गणमान्य लोग, व्यवसायी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान पूरे विवाह भवन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की मनमोहक सजावट और आधुनिक साज-सज्जा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। अतिथियों ने विवाह भवन का अवलोकन कर इसकी आधुनिक सुविधाओं की सराहना की तथा संचालकों को शुभकामनाएं दीं। विवाह भवन के निदेशक रविंद्र यादव रिटायर इंडियन आर्मी ( सूबेदार) एवं रंजन यादव ने संयुक्त रूप से बताया कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस विवाह भवन का निर्माण कराया गया है।

यहां लगभग 250 लोगों के कुर्सी पर बैठने की व्यवस्था की गई है। साथ ही आधुनिक मंडप, आकर्षक स्टेज, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त पार्किंग, दुल्हन के लिए विशेष ब्राइडल मेकअप एवं सजावट कक्ष सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि बारातियों एवं मेहमानों के ठहरने के लिए चार पूर्णतः वातानुकूलित (एसी) कमरे लड़के पक्ष के लिए तथा चार एसी कमरे लड़की पक्ष के लिए बनाए गए हैं, जिससे आयोजनों में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निदेशकों ने कहा कि मां दुर्गा विवाह भवन केवल विवाह समारोह ही नहीं, बल्कि तिलक, रिसेप्शन, जन्मदिन, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं अन्य पारिवारिक आयोजनों के लिए भी उपलब्ध रहेगा।

दयाशंका सिंह ने कहा कि इस तरह के आधुनिक और सुव्यवस्थित विवाह भवन का निर्माण क्षेत्र के विकास का प्रतीक है। इससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और कार्यक्रमों का आयोजन सुचारु एवं व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा। वहीं जदयू नेता विमलेंदु उर्फ मुन्ना सिंह ने कहा कि यह विवाह भवन बगहा क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात है। अब लोगों को अपने कार्यक्रमों के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर अजीत यादव, भूषण यादव, राकेश यादव, सुनील दत्त पांडेय, राजा यादव, गुड्डू यादव, विकाश सिंह, अजय सिंह, प्रदीप पांडे, गोलू चौरसिया, राजू यादव, हरि यादव, श्याम बिहारी उर्फ मुन्ना गुप्त सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विवाह भवन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संचालकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।






