विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा/पश्चिम चम्पारण। जनता दल (यूनाइटेड) के पश्चिम चम्पारण जिलाध्यक्ष कन्हैया कुशवाहा के आकस्मिक निधन से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की खबर मिलते ही जदयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा दुख व्याप्त हो गया। स्वर्गीय कन्हैया कुशवाहा समता पार्टी के समय से ही पार्टी के प्रति समर्पित रहे और लंबे समय तक संगठन को मजबूती प्रदान करते रहे। वे वर्तमान में लौरिया प्रखंड अंतर्गत सिसवनिया पंचायत के मुखिया भी थे। बताया जाता है कि पिछले दो दिनों से उनकी तबीयत खराब थी और जीएमसीएच में इलाज के दौरान अचानक शुगर लेवल बढ़ जाने से उनका निधन हो गया।
उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। कन्हैया कुशवाहा अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और संगठन के प्रति निष्ठा के लिए जाने जाते थे। उनके असामयिक निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शून्यता उत्पन्न हो गई है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मुख्यालय प्रभारी चंदन कुमार सिंह, बासुदेव कुशवाहा, वाल्मीकि नगर सांसद सुनील कुमार, नवनिर्वाचित विधान पार्षद शिवरानी देवी, एमएलसी भीष्म साहनी, पूर्व सांसद कैलाश बैठा, पूर्व एमएलसी राजेश राम, पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह, बगहा जदयू जिलाध्यक्ष प्रभात रंजन सिंह सहित कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
इसके अलावा जदयू नेता राकेश सिंह, सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र कुशवाहा, दयाशंकर सिंह, जयेंद्र सिंह, पशुपतिनाथ गुप्ता, श्याम बिहारी प्रसाद, मुन्ना सिंह, मोहम्मद निजामुद्दीन, उमाशंकर पटेल, विजय कुमार पाण्डेय, सुरेन्द्र बैठा, इम्तियाज अहमद और ओमप्रकाश शाही सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम एवं बगहा विधायक राम सिंह ने भी उनके निधन पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने भी कन्हैया कुशवाहा के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।






