विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा नगर परिषद वार्ड संख्या 35 के तेलिया टोला रत्नमाला की बेटी एवं महीपुर भतौड़ा पंचायत की बहू तनु प्रिया ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से बगहा सहित बढ़ई समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है और हर तरफ जश्न का माहौल है। एक साधारण गृहिणी से प्रशासनिक सेवा तक का तनु प्रिया का सफर संघर्ष, दृढ़ संकल्प और अथक मेहनत का जीवंत उदाहरण बन गया है। उनकी सफलता ने क्षेत्र की बेटियों को यह संदेश दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

बुधवार दोपहर बाल्मीकि नगर के सांसद सुनील कुमार उनके आवास पहुंचे और उन्हें अंगवस्त्र, मिठाई व गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान जदयू नेता राकेश सिंह, अवध बिहारी उर्फ मुन्ना गुप्त, मुकेश शर्मा, प्रखंड प्रमुख पारस बैठा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने तनु प्रिया को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सांसद सुनील कुमार ने कहा कि तनु प्रिया की यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे बगहा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने साबित किया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

वहीं राकेश सिंह ने कहा कि तनु प्रिया ने पूरे समाज का मान बढ़ाया है और उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। तनु प्रिया के पिता बिजेंद्र शर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि बेटी ने उनकी उम्मीदों से कहीं बढ़कर प्रदर्शन किया है। उन्होंने उसकी मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है और विश्वास है कि वह समाज की सेवा पूरी निष्ठा से करेगी। अवध बिहारी उर्फ मुन्ना गुप्त ने कहा कि तनु प्रिया की उपलब्धि पूरे इलाके के लिए प्रेरणादायक है। वहीं प्रखंड प्रमुख पारस बैठा ने कहा कि उनकी सफलता ने क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार किया है और लोगों को उनसे काफी उम्मीदें हैं। तनु प्रिया की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।






