विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा (पश्चिम चंपारण): बगहा-1 प्रखंड अंतर्गत पतिलार ग्राम पंचायत में कम्युनिटी ऑफ प्रैक्टिस फॉर डिमांड (CoP-D) कार्यक्रम के तहत एक महत्वपूर्ण प्रबुद्धजन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया श्रीमती पायल मिश्रा ने की। इस दौरान पंचायत के जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, शिक्षक, समाजसेवी, धार्मिक गुरु एवं स्थानीय नागरिकों सहित विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य पंचायत में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना और समुदाय में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CoP-D के वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक मनोज कुमार सिंह ने कहा कि टीकाकरण केवल स्वास्थ्य सुरक्षा का माध्यम ही नहीं, बल्कि एक सशक्त समाज की नींव है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भागीदारी से यह लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि समय पर टीकाकरण से बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है और स्वस्थ बच्चे ही देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने CoP-D द्वारा विकसित प्रचार-प्रसार सामग्री के उपयोग पर भी जोर दिया।मुखिया श्रीमती पायल मिश्रा ने सभी प्रबुद्धजनों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्ड में लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चा ही जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने CoP-D टीम के सहयोग की सराहना करते हुए इसे जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता बताई। स्थानीय चिकित्सकों ने भी आश्वासन दिया कि वे अपने स्तर पर अभिभावकों को जागरूक करेंगे और टीकाकरण के महत्व को समझाएंगे। वहीं पंचायत के सभी 17 वार्ड सदस्यों ने सक्रिय सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी सेविकाओं के सहयोग से छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उन्हें टीकाकरण से जोड़ा जाएगा।

बैठक में उपस्थित शिक्षकों, जिनमें कृष्णा तिवारी एवं प्रिंस पाण्डेय शामिल थे, ने बताया कि टीकाकरण की प्रक्रिया गर्भावस्था से शुरू होती है और समय पर टीके लगने से बच्चों को कई खतरनाक बीमारियों से बचाया जा सकता है।सरपंच प्रतिनिधि श्री यादव ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है। वहीं मुखिया प्रतिनिधि अभिषेक कुमार मिश्रा ने “समझो, रोको, टोको” का नारा देते हुए लोगों से सतर्क रहने और एक-दूसरे को जागरूक करने की अपील की। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पंचायत को शत-प्रतिशत टीकाकरण युक्त बनाने का संकल्प लिया।






