अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण, बिहार
मझौलिया। क्षेत्र में लगातार बढ़ती कड़ाके की धूप और भीषण गर्मी को देखते हुए छात्राओं के अभिभावकों ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) से 30 जून तक विद्यालय बंद रखने की मांग की है।अभिभावकों—रामेश्वर प्रसाद चौरसिया, राजन कुमार, सुदर्शन भारती, सुनील शर्मा, मोहम्मद इकराम, मोहम्मद एजाज, मोहम्मद कमरुज्जमा अंसारी, हरेंद्र यादव, शाहिद इकबाल आदि—ने बताया कि छोटे-छोटे बच्चे बस या अन्य सवारी से सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय जाते हैं। विभागीय आदेश के अनुसार 22 जून से सभी विद्यालय खुलने हैं, लेकिन भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय भले ही मॉर्निंग शिफ्ट में संचालित हो रहे हों, फिर भी छोटे बच्चे अक्सर बिना अल्पाहार किए स्कूल निकल जाते हैं, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ने का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही, बच्चों में शिक्षकों का भय भी बना रहता है, जिसके कारण वे अपनी असुविधा खुलकर नहीं बता पाते। इन परिस्थितियों को देखते हुए अभिभावकों ने प्रखंड एवं जिला शिक्षा विभाग से अपील की है कि बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए 30 जून तक विद्यालयों को बंद रखा जाए। इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मोहम्मद मुजीबुर रहमान ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा पहले ही ग्रीष्मावकाश घोषित किया गया है, फिर भी अभिभावकों की मांग को जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।






