बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
वीटीआर वन प्रमंडल दो के जंगल से निकलकर एक विशालकाय अजगर सांप रिहायशी इलाके में पहुंच गया, जहां उसने एक मुर्गे का शिकार कर उसे साबुत निगल लिया। घटना के बाद कॉलोनी में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजे जल संसाधन विभाग के ऊपरी शिविर स्थित तीन नंबर पहाड़ कॉलोनी निवासी मनीष पटेल के डेरा के पीछे एक अजगर सांप पहुंच गया। उसी दौरान वहां दाना चुग रही मुर्गियों के झुंड पर उसने अचानक हमला कर एक मुर्गे को दबोच लिया और देखते ही देखते उसे निगल गया।
मुर्गियों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने सावधानी बरतते हुए अजगर को घेर लिया और काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया।

इसके बाद ग्रामीणों ने उसे बोरे में बंद कर सुरक्षित रूप से जटाशंकर वन क्षेत्र के घने जंगल में छोड़ दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात और जंगल के किनारे बसे इलाकों में अक्सर जंगली जीव रिहायशी क्षेत्रों की ओर निकल आते हैं। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वन्यजीव प्रेमी व समाजसेवी अमित कुमार सिंह ने ग्रामीणों द्वारा अजगर को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित जंगल में छोड़ने की सराहना की है। वहीं लोगों से अपील कि है की जंगल से भटके वन्यजीव दिखने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाएं और वन विभाग को इसकी सूचना दें।






