विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर आज सहायक श्रमायुक्त, कार्यालय बेतिया, प. चम्पारण से बाल श्रम उन्मूलन एवं बाल अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने हेतु जागरूकता वाहन को श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी श्री विभेश कुमार सिंह, श्री लोकेश कुमार झा, श्री भीम कुमार, श्री प्रदीप कुमार सिंह, श्री कामेश्वर कुमार, श्री श्याम कुमार एवं श्रीमती स्तुति कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर सभी कार्यालय कर्मी उपस्थित थे। कार्यक्रम में स्वयंसेवी संस्थाओं—प्रथम संस्था , प्रयास संस्था, फकीराना सोसायटी, सवेरा स्वयंसेवी संगठन, तथा अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, विभेश कुमार सिंह ने कहा कि बाल श्रम समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास में बाधक है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित बचपन का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने आमजन से अपील की कि बाल श्रम की रोकथाम हेतु प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी बच्चे को श्रम में संलग्न पाए जाने पर संबंधित विभाग अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचित करें। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी श्री लोकेश कुमार झा कहा कि बाल श्रम के विरुद्ध अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। समाज के सभी वर्गों के सहयोग से ही बच्चों के अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में भ्रमण कर बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों तथा शिक्षा के महत्व के संबंध में आम लोगों को जागरूक करेगा। वाहन के माध्यम से प्रचार सामग्री, ऑडियो संदेश एवं सूचना पत्रकों का वितरण भी किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बाल श्रम मुक्त बेतिया , प. चम्पारण के निर्माण तथा प्रत्येक बच्चे को शिक्षा एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने हेतु सामूहिक संकल्प लिया। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, प. चम्पारण बाल श्रम उन्मूलन एवं प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, स्वस्थ एवं शिक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।






