बिहार के मांझागढ़ से सुधीश श्रीवास्तव की रिपोर्ट
मांझागढ़ थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक गर्भवती महिला को फोन कर ठग ने खुद को आईसीडीएस अधिकारी बताकर पैसे ठगने की कोशिश की। हालांकि महिला की सूझबूझ से बड़ा नुकसान टल गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के लंगतु हाता गांव निवासी गुड्डू चौहान की पत्नी सबिता देवी के मोबाइल पर बुधवार सुबह एक अज्ञात साइबर अपराधी ने कॉल किया। कॉल करने वाले ने खुद को आईसीडीएस विभाग का अधिकारी बताते हुए महिला के आधार नंबर के अंतिम चार अंक भी बताए और कहा कि सरकारी योजना के तहत उसे 6,500 रुपये दिए जाएंगे। ठग ने पैसे भेजने के नाम पर महिला से बैंक संबंधित जानकारी लेने की कोशिश की और खाते से राशि उड़ाने का प्रयास किया। लेकिन सबिता देवी ने समझदारी दिखाते हुए किसी भी प्रकार की जानकारी साझा नहीं की, जिससे ठगी की घटना टल गई।

बताया जाता है कि इससे पहले भी इसी गांव की सुमन देवी, मंजू देवी, गुड़िया देवी और मुन्नी खातून सहित दर्जनों महिलाओं को इसी तरह के कॉल आ चुके हैं, जिसमें साइबर अपराधियों द्वारा पैसे ठगने की कोशिश की गई है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र की महिलाएं दहशत में हैं। ग्रामीणों और महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि साइबर अपराधियों की पहचान कर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों के खातों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।






