वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के भिरीसिंगवा पुल के समीप मिट्टी कटाई के दौरान हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान चंपापुर निवासी नंदलाल कुमार (26 वर्ष), पिता कृष्णा शाह के रूप में हुई है। युवक की मौत 8 जून को इलाज के दौरान हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार भिरीसिंगवा पुल के पास ट्रैक्टर से मिट्टी कटाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान एक ट्रैक्टर मिट्टी में बुरी तरह फंस गया। फंसे हुए ट्रैक्टर को निकालने के लिए दो ट्रैक्टरों के बीच टोचन (खींचने) की प्रक्रिया की जा रही थी। इसी दौरान युवक नंदलाल कुमार दो ट्रैक्टरों के बीच आ गया और ट्रैक्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए गोरखपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां कई दिनों तक चले उपचार के बावजूद उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार इस बाबत वाल्मीकि नगर थाना मे कांड संख्या 90/26 दर्ज कर अग्रतर कार्यवाई की जा रही है ।






