विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पटना, राजधानी पटना में आज बाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान सांसद ने शास्त्रीनगर-बेलवनिया पुल सह सड़क निर्माण परियोजना को लेकर भारत सरकार से पहल करने का अनुरोध किया। सांसद के आग्रह पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर इस परियोजना पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने पत्र के माध्यम से परियोजना की उपयोगिता और क्षेत्रीय आवश्यकता को रेखांकित किया।

इसके अलावा सांसद सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री से मदनपुर-पनीयहवा सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और विकास को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने सांसद को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।






