Sunday, May 31, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बगहा में 227 नवप्रशिक्षु पुलिस जवानों का भव्य दीक्षांत परेड, उत्कृष्ट प्रदर्शन...

बगहा में 227 नवप्रशिक्षु पुलिस जवानों का भव्य दीक्षांत परेड, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हुए सम्मानित

0
2

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा (पश्चिम चंपारण) स्थित 65वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल परिसर में आज बिहार पुलिस के 227 नवप्रशिक्षु आरक्षियों का दीक्षांत परेड समारोह अत्यंत भव्य, उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। यह सभी नवप्रशिक्षु जिला पुलिस मोतिहारी से संबंधित हैं, जिनका प्रशिक्षण जुलाई 2025 से प्रारंभ हुआ था। समारोह का सफल आयोजन 65वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री नंदन सिंह मेहरा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को शारीरिक दक्षता, ड्रिल, अनुशासन, शस्त्र संचालन, आपदा प्रबंधन एवं जनसंपर्क जैसे महत्वपूर्ण विषयों का व्यापक प्रशिक्षण दिया गया।

इसके अतिरिक्त बिहार पुलिस के अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, अनुसंधान प्रक्रिया, भारतीय न्याय संहिता तथा पुलिसकर्मियों के कर्तव्यों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही कस्टम विभाग, वन विभाग एवं साइबर अपराध से जुड़े विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा विशेष कक्षाओं का भी आयोजन किया गया। इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भा.पु.से. की महानिरीक्षक श्रीमती अनुसूया रणसिंह साहू की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया तथा नवप्रशिक्षुओं की सलामी ग्रहण की। जवानों ने अपने अनुशासन, समर्पण और शौर्य का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।समारोह में नवप्रशिक्षुओं के परिजनों की उपस्थिति ने माहौल को भावुक बना दिया। अपने परिजनों को वर्दी में देख उनके चेहरे गर्व से खिल उठे।

कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण अवधि के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ ऑल-राउंडर के रूप में आरक्षी अभिषेक कुमार, इनडोर प्रदर्शन में नितीश कुमार, आउटडोर में नवीन कुमार, फायरिंग में विकास कुमार, ड्रिल व टर्न आउट में सुजीत कुमार, खेलकूद में प्रिंस कुमार चौधरी तथा शारीरिक दक्षता में सुधीर कुमार को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने नव-आरक्षियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे अपने कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन एवं समर्पण की भावना के साथ राज्य की सेवा में सदैव तत्पर रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!