Saturday, May 30, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बथवरिया में युवक की हत्या, साजिश कर पेड़ से लटकाया शव, पुलिस...

बथवरिया में युवक की हत्या, साजिश कर पेड़ से लटकाया शव, पुलिस ने किया उद्वेदन

0
1

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा (प. चम्पारण), 30 मई: पुलिस जिला बगहा के बथवरिया थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद को लेकर सुनियोजित तरीके से हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बथवरिया थाना क्षेत्र में एक शव मिलने की सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामनगर एवं स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान चन्द्रौल (थाना नवलपुर) निवासी रंगीला यादव (पिता– प्रवेश यादव) के रूप में हुई। मृतक के पिता के आवेदन पर बथवरिया थाना कांड संख्या 43/2026, दिनांक 27 मई 2026 को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1)/3(5) के तहत तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

तकनीकी अनुसंधान और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक अप्राथमिकी आरोपी राजन यादव (पिता– साहेब यादव, निवासी– पुरबवारी बथवरिया) को 29 मई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि मृतक रंगीला यादव उसकी पत्नी से शादी से पहले से फोन पर बात करता था, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान सह-आरोपी सुधीर उर्फ कंच्छेदा (निवासी– नवलपुर) का भी मृतक से पैसों को लेकर विवाद था। दोनों ने मिलकर साजिश रची और मृतक को गोरखपुर से मेला देखने के बहाने बुलाया। फिर राजन ने अपनी पत्नी के मोबाइल से आवाज बदलकर उसे रात में बगीचे में बुलाया, जहां दोनों आरोपियों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।घटना को आत्महत्या दर्शाने के लिए आरोपियों ने शव को मृतक के ही गमछे से आम के पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!