बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के दुर्गम क्षेत्र चकदहवा पहुंचे विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी का आशियाना नहीं उजड़ेगा और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि जनता से किए गए वादों को धीरे-धीरे पूरा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पहले की तुलना में बेहतर हुई है तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
बिजली, सड़क और बाढ़ समस्या के समाधान का आश्वासन

विधायक ने बताया कि चकदहवा परिक्षेत्र में सड़क और बिजली व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों से बातचीत हुई है। वहीं जलसंसाधन विभाग से भी चर्चा की गई है और एक-दो दिनों में सर्वे टीम के आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बीच जंगल पड़ने के कारण सड़क निर्माण के लिए वन विभाग से एनओसी लेना आवश्यक है। अनुमति मिलते ही मोर्टेबल सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि चकदहवा क्षेत्र के लोगों को बाढ़ की समस्या से भी जल्द राहत मिलेगी।
मेरे कार्यकाल में लूट-खसोट नहीं

विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि उनके कार्यकाल में किसी प्रकार की लूट-खसोट नहीं चल रही है। जितने भी विकास कार्य हुए हैं या हो रहे हैं, उनमें गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्य करने का निर्देश देने की बात कही। इस मौके पर शामिल रहे अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार, अभिषेक जयसवाल, भोलू श्रीवास्तव, रंजीत कुमार, स्थानीय पूर्व पंचायत समिति गुलाब अंसारी, रामविलास यादव, पूर्व मुखिया मो.कलाम अंसारी और स्थानीय चकदहवां, झंडाहवा टोला, बिन टोली के ग्रामीण शामिल रहे।






