किसानों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो खेतों में जलजमाव और सिंचाई संकट दोनों की स्थिति उत्पन्न हो सकती है
वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
दोन नहर की सफाई कार्य में अनियमितताओं की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला 6 आरडी के पास बिसहा गांव से जुड़ा है, जहां दोन नहर से निकलने वाली पोइन् का मुहाना सफाई के दौरान निकाली गई मिट्टी से पूरी तरह जाम हो गया है। इससे गांव की पानी निकासी व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कार्य के दौरान निकाली गई मिट्टी को पोइन् और नाले के किनारे ही ढेर के रूप में छोड़ दिया गया, जिससे पानी का बहाव रुक गया है। गांव के पानी निकासी वाले नाले का मार्ग भी बाधित हो गया है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो खेतों में जलजमाव और सिंचाई संकट दोनों की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

बिसहा निवासी प्रभावित किसान हरिदयाल सिंह ने बताया कि दोन नहर से निकलने वाली पोइन् के मुहाने पर मिट्टी का बड़ा ढेर जमा कर दिया गया है। इससे पानी का प्रवाह बंद हो गया है और गांव के लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य में संवेदक की लापरवाही साफ दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर ऑन स्पॉट जांच कराने तथा तत्काल पोइन् और नाले की सफाई कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि कई स्थानों से पोइन् सफाई में अनियमितता की शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।






